
राजगढ़ : सिरमौर जिला की ग्राम पंचायत डाहर में चूडे़श्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन और नव प्रभात नवयुवक संघ के संयुक्त तत्वाधान में डाहर पंचायत क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान दर्जनों युवाओं द्वारा पंचायत क्षेत्र में देवदार के सैकड़ो पौधे रोपे गए। वृक्षारोपण के इस वार्षिक कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत डाहर के प्रधान विलम सिंह छाजटा ने की।
इस मौके पर विलम सिंह छाजटा ने कहा कि वर्तमान समय में जिस तरह से युवा पीढ़ी पथभ्रष्ट होकर नशे की चपेट में आ रही है, उन्हें वृक्षारोपण जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक विषय बन चुका है और इसमें युवा शक्ति को जोड़कर न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलता है, अपितु युवा पीढ़ी को भी राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा में जोड़ा जा सकता है।
चूड़ेश्वर लीजेंड स्पोर्ट्स एवं सोशल ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष संदीप ठाकुर ने बताया कि उनके क्लब द्वारा खेलकूद गतिविधियों के अलावा प्रतिवर्ष वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों के आयोजन में युवा पीढ़ी की अधिक से अधिक भागीदारी जोड़कर क्षेत्र के विकास के लिए प्रेरित किया जाता है। चूड़ेश्वर लीजेंड के संस्थापक राजेंद्र छाजटा ने वनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे वन पृथ्वी का मुख्य आधार है और घने जंगल न केवल हमें प्राण वायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं अपितु हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड को भी समाप्त करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने घटते वन आवरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को वृक्षारोपण करके हरित क्रांति में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करना चाहिए। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य मनोज दारटा नवयुवक मंडल प्रधान वीरू ठाकुर, सहसचिव श्याम सिंह छाजटा, कोषाध्यक्ष दिनेश जिंटा, सहित कई दर्जन युवाओं ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।