पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के माजरा थाना क्षेत्र में एक कंपनी में लिफ्ट हादसे के दौरान कर्मचारी की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कंपनी प्रबंधक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शोएब खान पुत्र अजमेर अली निवासी गांव भगवानपुर, डाकघर पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई कि वह सूरजपुर स्थित पेस बायोटेक कंपनी में लेबर का काम करता है। शिकायत के मुताबिक अरमान खान पुत्र सुल्तान मोहम्मद निवासी गांव क्यारदा, डाकघर मिश्रवाला, कंपनी में काम करने के लिए ड्यूटी पर आया था। उसका कार्य वाहनों में तैयार माल लोड करना और सामान को लिफ्ट के माध्यम से ऊपर-नीचे पहुंचाना था।
शिकायत में बताया गया कि 8 जून को अरमान खान सामान को लिफ्ट के जरिए नीचे ले जाने के लिए उसमें रख रहा था। इसी दौरान लिफ्ट अचानक नीचे की ओर चल पड़ी और उसका शरीर लिफ्ट और फर्श के बीच फंस गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद लोग उसे तुरंत जेसी जुनेजा अस्पताल सूरजपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के अनुसार कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
