HomeHimachalSirmaurमाजरा-पांवटा साहिब में चोरी के मामलों का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; तीन...

माजरा-पांवटा साहिब में चोरी के मामलों का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; तीन शातिर ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

माजरा और पांवटा साहिब पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नाहन : माजरा और पांवटा साहिब पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। माजरा पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पांवटा साहिब पुलिस ने घर से सोने के आभूषण और एलसीडी चोरी मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि माजरा पुलिस थाना में दर्ज चोरी के केस में पुलिस ने समीर निवासी कुंजा मतरालियो, सामिन खान निवासी कुंजा मतरालियो और केशो नाथ निवासी अजीवाला, पांवटा साहिब को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय दो मोटरसाइकिलों पर निकलकर बंद मकानों की तलाश करते थे। इसके बाद रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच मकानों के ताले तोड़कर अंदर सामान की जांच करते और आभूषण, नकदी, महंगे व तांबे के बर्तन तथा एसी की पाइप आदि चोरी करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी वारदात के दौरान मोबाइल फोन साथ नहीं रखते थे और घटनास्थल से मोबाइल फोन व लैपटॉप जैसी वस्तुएं चोरी नहीं करते थे।

ये भी पढ़ें:  ददाहू में सड़क पर रेत-बजरी और पत्थर डाल यातायात प्रभावित करने पर FIR, पुलिस जांच में जुटी

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 31 अगस्त 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

वहीं, पांवटा साहिब पुलिस थाना में दर्ज मामले में पुलिस ने विशाल निवासी कृपाल शिला को गिरफ्तार किया। मामला न्यू केदारपुर निवासी रमेश कुमार के घर से सोने के आभूषण और एलसीडी चोरी होने से संबंधित है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल ने अपने साथी जरनैल उर्फ बंटी निवासी देवीनगर के साथ चोरी करने की बात स्वीकार की। विशाल की निशानदेही पर उसके घर से चोरी की गई एलसीडी बरामद की गई। इसके बाद दूसरे आरोपी जरनैल उर्फ बंटी को भी गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें:  बीपीएल चयन से जरूरतमंद परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ : कुलदीप सिंह पठानिया

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए सोने के आभूषण वे बेच चुके हैं। दोनों आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई जारी है।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More