नाहन : जिला सिरमौर में चिट्टा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजातरीन मामले में पुलिस ने नाहन-कालाअंब रोड़ पर दो युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने कंगनीवाला नेचर पार्क के समीप इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नेचर पार्क के समीप नाका लगाया था। इस दौरान एक स्कूटी को जांच के लिए रोका और तलाशी लेने पर आरोपियों से 6.80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को कब्जे में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब खान (28) निवासी अमरपुर मोहल्ला नाहन और अभिनव कश्यप (25) निवासी शिमला रोड, हाथी की कब्र नाहन के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना सदर नाहन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इस नशे की खेप को कहां से लेकर आए थे और किसे सप्लाई करने की फिराक में थे। साथ ही इस अवैध धंधे से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।