HomeHimachalSirmaurनाहन में PG कॉलेज तक बनेगा 'पैदल पाथ', विधायक सोलंकी ने किया...

नाहन में PG कॉलेज तक बनेगा ‘पैदल पाथ’, विधायक सोलंकी ने किया साइट निरीक्षण, संकरी सड़क पर बेफिक्र चलेंगे ‘राहगीर’

जिला मुख्यालय नाहन से पीजी कॉलेज यानी शिमला रोड की ओर जाने वाली संकरी और खड़ी ढाल वाली सड़क पर पैदल यात्रियों की राह अब आसान होने वाली है।

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन से पीजी कॉलेज यानी शिमला रोड की ओर जाने वाली संकरी और खड़ी ढाल वाली सड़क पर पैदल यात्रियों की राह अब आसान होने वाली है। दरअसल, एनएच-907ए पर जीरो प्वाइंट से बरोजा फैक्ट्री होते हुए पीजी कॉलेज तक करीब पांच किलोमीटर में पैदल पाथ बनाने की योजना पर कवायद तेज हो गई है।

मंगलवार को नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा समेत संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे प्रस्तावित मार्ग का साइट निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की मौजूदा स्थिति, पैदल यात्रियों के लिए उपलब्ध जगह और यातायात से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया गया।

ये भी पढ़ें:  चौगान मैदान में महिलाओं को मिली बड़ी सुविधा, रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने बनवाया पिंक टॉयलेट

प्रस्तावित पैदल पथ में जीरो प्वाइंट (दो सड़का) से मोहल्ला गोबिंदगढ़, यशवंत चौक, आईटीआई, कार्मेल स्कूल और बिरोजा फैक्ट्री तक का क्षेत्र शामिल है। इस मार्ग पर सड़क की चौड़ाई सीमित होने के कारण पैदल यात्रियों को वाहनों के साथ चलना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए सड़क के पहाड़ी हिस्से में बनी ड्रेनेज लाइन को मजबूत स्टील ग्रिल से कवर करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इससे नाली के ऊपर की जगह का इस्तेमाल पैदल चलने के लिए किया जा सकेगा।

सिर्फ पैदल पथ ही नहीं, इस मार्ग के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को भी सुरक्षित बनाने की योजना है। इसके साथ ही बसों के रुकने और यात्रियों के चढ़ने-उतरने वाले स्थानों को व्यवस्थित करने पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई, ताकि सड़क पर यातायात के बीच यात्रियों को परेशानी न हो। पहले चरण में यशवंत चौक से पीजी कालेज तक पैदल पाथ बनाने की योजना है।

ये भी पढ़ें:  इलेक्ट्रिक बसों में सफर को हो जाएं तैयार, नाहन में 4 को उद्योग मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी, विधायक सोलंकी बोले- बदलेगा सफर का अंदाज

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि सड़क सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद, प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के साथ मिलकर योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य इस मार्ग पर पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाना और दुर्घटनाओं के खतरे को कम करना है।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि योजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है और बजट को लेकर कोई समस्या नहीं है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने वार्ड से जुड़ी अन्य समस्याएं भी विधायक के समक्ष रखीं और उनके समाधान का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर की शिलांजी पंचायत का वार्ड सदस्य पद से निष्कासित, डीसी ने जारी किए आदेश
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More