HomeHimachalSolanकसौली में 225 करोड़ की पेयजल व सिंचाई योजनाएं अंतिम चरण में,...

कसौली में 225 करोड़ की पेयजल व सिंचाई योजनाएं अंतिम चरण में, मुकेश अग्निहोत्री बोले- हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

135 करोड़ रुपये की गिरी पेयजल आपूर्ति योजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य लोगों के सहयोग से जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना से 17 ग्राम पंचायतों के लगभग 180 गांवों के 55 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

सोलन : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपये की सिंचाई और पेयजल योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर पेयजल और सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुकेश अग्निहोत्री बुधवार को कुमारहट्टी में आयोजित एक आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतिनिधि प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देंगे।

उन्होंने बताया कि 135 करोड़ रुपये की गिरी पेयजल आपूर्ति योजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य लोगों के सहयोग से जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना से 17 ग्राम पंचायतों के लगभग 180 गांवों के 55 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 67.24 प्रतिशत मतदान, राजगढ़ सबसे आगे, नाहन-पांवटा में भी मतदाताओं ने दिखाया उत्साह

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 4.50 करोड़ रुपये की लागत से पट्टा बरावरी सिंचाई योजना का कार्य भी प्रगति पर है। इसके पूरा होने पर 10 गांवों की लगभग 116 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि 1.15 करोड़ रुपये की लागत से हरिपुर सिंचाई योजना का कार्य भी जारी है। इस योजना के निर्माण से 54 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी और आठ गांवों के निवासी लाभान्वित होंगे।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एशियन विकास बैंक के सहयोग से 38 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना पर भी कार्य चल रहा है। इस परियोजना से लगभग 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 47 करोड़ रुपये की लागत से परवाणू सीवरेज योजना पर भी काम जारी है। योजना के प्रथम जोन का कार्य पूरा हो चुका है और दूसरे जोन का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद लोगों को और बेहतर सीवरेज सुविधा मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  नए साल में सुक्खू कैबिनेट का रोजगार पर फोकस, एक क्लिक पर पढ़ें हिमाचल मंत्रिमंडल के तमाम फैसले

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत चेवा को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधि समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पंचायतों के विकास के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

ग्राम पंचायत चेवा के प्रधान रमेश चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव विनोद जिंटा, महेश्वर सिंह चौहान, अनुराग शर्मा, मुकेश शर्मा, सुरेंद्र सेठी, जतिन साहनी, शोभित बहल, अरविंद गुप्ता, राजेंद्र ठाकुर, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, उप पुलिस अधीक्षक परवाणू अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  वैज्ञानिक नवाचारों से ही भारत 2047 तक विकसित देशों की श्रेणी में आएगा: आशीष कोहली
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More