सोलन : जिला सोलन में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए 4 अप्रैल, 2026 को बड़ा मौका मिलने जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 43 पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जानकारी ज़िला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि मैसर्ज़ देव भूमि फल एवं सब्जी किसान उत्पादक कम्पनी में फील्ड ऑफिसर, सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव, पैंट्री बॉय और ड्राइवर के 21 पद भरे जाएंगे, जबकि स्काई मरचेंट इंटरनेशनल शिमला में मैनेजमेंट ट्रेनी और मार्केटिंग ट्रेनी के 22 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और बेसिक कंप्यूटर ज्ञान निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों की आयु 20 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
जगदीश कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र उम्मीदवार अपने जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ 4 अप्रैल, 2026 को सुबह 10:30 बजे जिला रोज़गार कार्यालय सोलन पहुंचकर इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार 01792-227242 पर संपर्क कर सकते हैं।



