सोलन : जिला सोलन में ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। एसएसपी गौरव सिंह ने अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए ये सख्त कदम उठाया। जानकारी के अनुसार एसएसपी गौरव सिंह ने सोमवार रात करीब दो बजे परवाणू, धर्मपुर और सोलन सदर थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नाकेबंदी और गश्त व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान 5 पुलिसकर्मी और 4 होमगार्ड जवान ड्यूटी में कोताही बरतते पाए गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल, एक एचएचसी और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया, जबकि एक अन्य हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया। इसके अलावा 4 होमगार्ड जवानों को उनकी बटालियन वापस भेजते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब दो सप्ताह पूर्व ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि पुलिस अफसरों को फीडबैक मिल रही थी कि रात दो बजे तक नाकेबंदी और गश्त सख्त रहती है, लेकिन इसके बाद ढिलाई बरती जाती है। इसी को परखने के लिए एसएसपी ने रात दो बजे के बाद औचक निरीक्षण किया। एसएसपी गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



