HomeHimachalSolanहिमाचल: खैर कटान की परमिशन के लिए मांगी 22 हजार की रिश्वत,...

हिमाचल: खैर कटान की परमिशन के लिए मांगी 22 हजार की रिश्वत, वन विभाग का BO और एक अन्य गिरफ्तार

जिला सोलन के दून विधानसभा के पट्टा वन ब्लॉक में विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को वन विभाग के बीओ और एक अन्य व्यक्ति को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

सोलन : जिला सोलन के दून विधानसभा के पट्टा वन ब्लॉक में विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को वन विभाग के बीओ और एक अन्य व्यक्ति को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, ठेकेदार ने खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि अनुमति संबंधी फाइल पर हस्ताक्षर करने और उसे आगे बढ़ाने के एवज में बीओ की ओर से रिश्वत की मांग की गई। बताया गया कि लेनदेन के लिए एक अन्य व्यक्ति को माध्यम बनाया गया और दोनों पक्षों के बीच 22 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

ये भी पढ़ें:  सोलन में 31 जुलाई को कैंपस इंटरव्यू, 70 पदों पर होगी भर्ती; 10वीं पास से ग्रेजुएट तक कर सकते हैं आवेदन

मिली जानकारी के अनुसार, एक फाइल पर हस्ताक्षर करने की एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, हालांकि बाद में यह राशि 22 हजार रुपये में तय हुई। आरोपी BO की पहचान सतीश के तौर पर हुई है।

ठेकेदार ने इसकी सूचना पहले ही विजिलेंस को दे दी थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने पट्टा क्षेत्र में जाल बिछाया। शुक्रवार दोपहर जैसे ही ठेकेदार ने कथित तौर पर दलाल के माध्यम से बीओ तक रिश्वत की राशि पहुंचाई, टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। राशि भी मौके से कब्जे में ली गई।

ये भी पढ़ें:  सीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में ऑनलाइन सुविधाओं का समावेश करने के दिए निर्देश, स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में कमेटी का गठन

अधीक्षक विजिलेंस वीरेंद्र कालिया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सोलन के पट्टा में शिकायत के आधार पर वन विभाग के बीओ को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More