सोलन : जिला पुलिस की कार्रवाई में चरस तस्करी के एक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। थाना दाड़लाघाट में दर्ज केस में पुलिस ने बैकवर्ड लिंक के आधार पर कुल्लू के जेरी गांव से दूसरे आरोपी (41) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला 21 अप्रैल 2026 का है, जब दाड़लाघाट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव खाता स्थित एक किराये के कमरे में दबिश दी थी। इस दौरान एक नेपाली युवक के कब्जे से 491 ग्राम चरस बरामद की गई थी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इस संबंध में थाना दाड़लाघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह चरस जिला कुल्लू के जेरी गांव से एक नेपाली व्यक्ति से खरीदी थी। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर उसे 23 अप्रैल 2026 को जेरी गांव, जिला कुल्लू से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।
