दाड़लाघाट : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के अर्की क्षेत्र में कथित विवाद ने एक युवक की जान ले ली। जंगल में शुरू हुई कहासुनी बाद में घर की बालकनी तक पहुंची, जहां झगड़े के दौरान एक धक्के ने 37 वर्षीय अश्वनी कुमार की जिंदगी खत्म कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना दाड़लाघाट को सूचना मिली थी कि गांव स्यार में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन स्थानीय लोग घायल को पहले ही उपचार के लिए सिविल अस्पताल अर्की पहुंचा चुके थे।
पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां घायल की पहचान अश्वनी कुमार (37) पुत्र राम रतन निवासी गांव डवारु, डाकघर दाड़लाघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई, जिसे बाद में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में सामने आया कि अश्वनी कुमार अपने दो साथियों दीपक उर्फ शशि और कुनाल के साथ एक जंगल में गया था। इसी दौरान शराब पार्टी चली, जहां किसी बात को लेकर अश्वनी कुमार और कुनाल के बीच तीखी बहस हो गई। यहां जैसे तैसे मामला शांत हुआ। इसके बाद तीनों गांव स्यार स्थित एक घर में पहुंचे और बालकनी में फिर से शराब पीने लगे।
इसी दौरान दोनों के बीच विवाद दोबारा बढ़ गया और गाली-गलौच शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान कुनाल ने तैश में आकर अश्वनी कुमार को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह बालकनी से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
मामले में पुलिस थाना दाड़लाघाट में हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएफएसएल जुंगा की विशेषज्ञ टीम से मौके का निरीक्षण करवाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुनाल चंदेल (29) निवासी गांव स्यार, डाकघर दाड़लाघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और मामले की आगामी जांच वैज्ञानिक तरीके से जारी है।
