अभिनेता से राजनेता बने दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय (C. Joseph Vijay) ने रविवार को तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के दौरान एक दिलचस्प पल तब देखने को मिला जब विजय अचानक भाषण देने लगे। इस पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें रोकते हुए पहले शपथ पत्र पढ़ने के लिए कहा।
CM विजय के साथ 9 और मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु, सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं।29 वर्षीय एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ लेकर टीवीके सरकार की सबसे युवा मंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने शिवपासी सीट से चुनाव जीता है।
तमिलागा वेट्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख विजय ने शपथ के बाद राज्यपाल का अभिनंदन किया और अपने संबोधन में तमिलनाडु की आर्थिक स्थिति और कानून-व्यवस्था को बड़ी चुनौती बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और शासन में आने के बाद ही हालात की वास्तविकता समझ में आती है। विजय ने कहा कि वह ईमानदारी और मजबूत इरादों के साथ तमिलनाडु को आगे ले जाना चाहते हैं।
महिलाओं की सुरक्षा को अपनी सरकार की पहली प्राथमिकता बताते हुए विजय ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।
उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और ड्रग्स से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए भी काम करने का भरोसा दिया। भावुक अंदाज में विजय ने कहा कि वह किसी राजघराने से नहीं आते, बल्कि जनता के बीच से निकलकर उनके परिवार के सदस्य और भाई की तरह राजनीति में पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने तीन बड़े फैसलों को मंजूरी देकर साफ संकेत दे दिए कि उनकी सरकार शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में काम करेगी। उन्होंने राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला प्रोटेक्शन फोर्स गठित करने की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के लिए हर जिले में एंटी ड्रग स्क्वॉड बनाने का फैसला लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
