ढाई दशक तक जनसेवा की मिसाल रहीं कर्मठ पार्षद मधु अत्री का निधन

मिलनसार, मृदुभाषी और अपने वार्ड के कार्यों के प्रति हमेशा सजग रहने वाली मधु अत्री ने ढाई दशक तक नाहन के विकास में एक मजबूत आधारस्तंभ की भूमिका निभाई।

0

नाहन : जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पित और नगर परिषद की कर्मठ पार्षद मधु अत्री का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। लगभग 25 वर्षों तक लगातार पार्षद रहते हुए उन्होंने जिस लगन और समर्पण से कार्य किया, वह नाहन के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर ठीक 1:00 बजे नाहन मोक्ष धाम में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए उनके आवास पर रखा गया है, जहां शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में घास काटते वक्त ढांक में गिरी महिला, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले तोड़ा दम

9 दिसंबर 1957 को जन्मी मधु अत्री नाहन नगर परिषद में एक प्रतिष्ठित और वर्तमान पार्षद थीं। वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्यामा शर्मा को अपना राजनीतिक आदर्श मानती थीं। मिलनसार, मृदुभाषी और अपने वार्ड के कार्यों के प्रति हमेशा सजग रहने वाली मधु अत्री ने ढाई दशक तक नाहन के विकास में एक मजबूत आधारस्तंभ की भूमिका निभाई।

उनके निधन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गहरा शोक जताते हुए उन्हें संगठन की कर्मठ नेत्री बताया और उनके निधन को एक बड़ी क्षति करार दिया। कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में घने कोहरे का येलो और ऑरेंज अलर्ट, इन सात जिलों के लिए चेतावनी जारी

इनके अलावा नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर, उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता सहित तमाम पार्षदों और रोड़ सेफ्टी क्लब के पूर्व अध्यक्ष रहे विशाल तोमर ने भी गहरा दुख और संवेदनाएं व्यक्त की हैं।