Home Crime गार्ड बंधक बनाकर 50 लाख की मशीन चोरी करने वाले 2 बदमाश...

गार्ड बंधक बनाकर 50 लाख की मशीन चोरी करने वाले 2 बदमाश धरे, अन्य की तलाश, ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया था और हाइड्रा मशीन की मदद से भारी मशीनरी को फैक्ट्री से उठाकर ले गए थे।

0

नालागढ़ : जिला सोलन के नालागढ़ में बंद पड़ी एक फैक्ट्री से करीब 50 लाख रुपये कीमत की गियर बॉक्स मशीन चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया था और हाइड्रा मशीन की मदद से भारी मशीनरी को फैक्ट्री से उठाकर ले गए थे।

पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता अनिल ठाकुर, एचआर मैनेजर रिकाया इंटरप्राइजिज राजपुरा रोड नालागढ़ ने पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 18 फरवरी की रात करीब 10 बजे 4–5 अज्ञात लोग जबरन उनकी बंद पड़ी फैक्ट्री परिसर में घुस गए। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया और हाइड्रा मशीन की सहायता से फैक्ट्री में रखी गियर बॉक्स मशीन को लोड कर अपने साथ चोरी कर ले गए।

ये भी पढ़ें:  अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव- 2026 के लिए ऑडिशन शुरू, जानिए आगे का शेड्यूल

मामले की गंभीरता को देखते हुए नालागढ़ पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ थोना निवासी गांव बांबिरपुर, डाकघर लोधी माजरा, तहसील बद्दी और भजन निवासी गांव ढाणा, डाकघर भाटियां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 50 लाख रुपये कीमत की गियर बॉक्स मशीन बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई हाइड्रा मशीन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

ये भी पढ़ें:  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भेंट कर सीएम सुक्खू ने हिमाचल में स्वास्थ्य अधोसंरचना सुदृढ़ करने का किया आग्रह

दोनों आरोपियों को 7 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य वाहनों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच चल रही है।