पांवटा साहिब : माजरा पुलिस ने एक व्यक्ति को अफीम के पौधों और चूरापोस्त की खेप के साथ दबोचा है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना माजरा की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर पुरुवाला कांशीपुर में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान गुलशेर (56) निवासी गांव व डाकघर पुरुवाला कांशीपुर, तहसील पांवटा साहिब की जमीन से अफीम के 25 पौधे बरामद किए गए। साथ ही उसके रिहायशी कमरे से 1.106 किलोग्राम भुक्की/चूरापोस्त भी कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 और 18 के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और खेती के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
