नाहन/सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत के शामपुर गांव निवासी यशपाल कपूर का चयन नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड-2026 के लिए हुआ है। उन्हें 11 मई को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और भारत में श्रीलंका की राजदूत महिषिणी कोलोन सम्मानित करेंगी।
दिल्ली में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, माय भारत और प्रोजेक्ट प्वाइंट की ओर से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसका विषय ‘यूथ इन डेमोक्रेसी एंड गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत @ 2047’ रखा गया है। इस कार्यक्रम में भारत सहित विभिन्न देशों के युवा लीडर भाग लेंगे।
प्रोजेक्ट प्वाइंट के चेयरमैन डॉ. संग्राम केसरी ने बताया कि समारोह के दौरान देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले करीब दो दर्जन युवा लीडरों को सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश से यशपाल कपूर को शांति और सद्भावना के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
यशपाल कपूर हिमाचल प्रदेश में नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के समन्वयक हैं और वह देशभर में शांति और सद्भावना स्थापित करने की दिशा में लंबे समय से कार्य कर रहे हैं।
