नाहन : जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो गई है।
जानकारी के अनुसार जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए नामांकन, जांच, नाम वापसी एवं अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का विवरण जारी किया गया है।
जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 74 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 72 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद कुल 53 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कुल 474 नामांकन पत्र दाखिल हुए। जांच प्रक्रिया में 6 नामांकन पत्र निरस्त किए गए और 468 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के पश्चात 336 उम्मीदवार अब चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं।
प्रधान पद के लिए कुल 1430 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें से 10 नामांकन निरस्त हुए और 1420 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद कुल 826 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
उप-प्रधान पद के लिए कुल 1204 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें से 5 नामांकन पत्र निरस्त किए गए। कुल 1199 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद 647 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 2801 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें से 26 नामांकन पत्र निरस्त किए गए, जबकि 2775 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद 2047 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सभी विकास खंडों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर यह जानकारी जारी की गई है। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।