शिमला : भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए नेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए गठित अनुशासन समिति को नालागढ़-पंजेहरा मंडल से जिला परिषद चुनाव में किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर द्वारा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने और किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत प्राप्त हुई थी।
अनुशासन समिति ने शिकायतों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने के उपरांत इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की।
समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए नालागढ़ के वार्ड नंबर-14 दनोटा से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने पर किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर और चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने पर किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा को उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से 6 वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है।
