मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में पंचायती राज चुनाव के बीच भांबला वार्ड से जिला परिषद प्रत्याशी अभिलाषा ठाकुर पर हमले का मामला सामने आया है। बता दें कि यह वार्ड अभिनेत्री कंगना रणौत का गृह वार्ड है। रविवार देर शाम चुनाव प्रचार से लौट रही अभिलाषा ठाकुर पर खुडला गांव के पास कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। घटना में वह घायल हो गईं। उनकी कार के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार अभिलाषा ठाकुर प्रचार से लौटते समय खुडला गांव के पास लघुशंका के लिए गाड़ी से उतरी थीं। आरोप है कि इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से वार करने की कोशिश की और पत्थरबाजी भी की। पत्थर लगने से उनके सिर और बाजू पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा है।
इस वारदात के बाद परिजन और समर्थक घायल अभिलाषा ठाकुर को उपचार के लिए बलद्वाड़ा अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। अभिलाषा ठाकुर की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पर जानलेवा हमला किया गया है। बहरहाल, मतदान से ठीक पहले हुई इस हिंसक घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
