नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वारदात के दौरान एक व्यक्ति का अंगूठा कटकर अलग हो गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है।
पुलिस थाना नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार राम प्रकाश पुत्र स्व. रत्न लाल निवासी रतन भवन, रानीताल, नाहन ने बताया कि 10 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे वह अपनी दुकान के अंदर मजदूर हरप्रीत सिंह और हरजीत से सफाई का काम करवा रहा था।
शिकायत के अनुसार इसी दौरान उसका छोटा भाई दुर्गेश और उसके स्व. भाई राज कुमार की पत्नी नीलम वहां पहुंचे और काम रुकवाने को लेकर बहसबाजी करने लगे। आरोप है कि इसी बीच दुर्गेश सामने स्थित जूस की दुकान से नारियल काटने वाला तेजधार दराट उठा लाया, जबकि नीलम ने राम प्रकाश को घेर लिया। इसके बाद दुर्गेश ने पीछे से उसकी गर्दन पर दराट से दो वार किए।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के अनुसार हमले के दौरान राम प्रकाश के दाहिने हाथ का अंगूठा तेजधार दराट से कट गया और अलग होकर दुकान से बाहर रास्ते में कहीं गिर गया। मामला किसी पुराने जमीनी विवाद से जुड़ा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 118(2), 126(2), 49 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
