नाहन : शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, नाहन के पूर्व छात्र ईशांत पहाड़िया ने NIT MCA Common Entrance Test (NIMCET) में अखिल भारतीय स्तर पर 314वीं रैंक हासिल कर विद्यालय, अपने परिवार और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है।
ईशांत पहाड़िया वरिष्ठ पत्रकार रमेश पहाड़िया और सुनीता पहाड़िया के पुत्र हैं। सुनीता पहाड़िया वर्तमान में सरकारी मेडिकल कॉलेज, नाहन में कार्यरत हैं। मूल रूप से जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के नाया से संबंध रखने वाले ईशांत ने अपनी 12वीं की शिक्षा शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, नाहन से पूरी की थी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन ठाकुर ने ईशांत और उनके माता-पिता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि ईशांत भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेगा।
उधर, विद्यालय प्रबंधन, समस्त शिक्षकगण और स्टाफ ने भी ईशांत की इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और उत्कृष्ट शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रमाण हैं।
बता दें कि NIMCET एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है। यह भारत के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NITs) और कुछ IIITs में MCA (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन्स) पोस्टग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए आयोजित की जाती है।
- ये भी पढ़ें : देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों में शामिल होने का मौका! राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, जानिए अंतिम तिथि
- ये भी पढ़ें : गुड न्यूज: पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर लगी ये पाबंदी कल से हटेगी, सरकार का बड़ा फैसला




