राजगढ़ : जिला सिरमौर के पुलिस थाना राजगढ़ की डिटेक्शन सेल ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत शुक्रवार को गिरिपुल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 38.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिटेक्शन सेल के अन्वेषण अधिकारी मुख्य आरक्षी रविदत्त अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त, मादक पदार्थों की रोकथाम और वाहनों की औचक जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में सवार दो व्यक्ति चिट्टा लेकर गिरिपुल की ओर से जुन्गा की तरफ जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुल के समीप नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर बैठे युवक के पैरों के पास रखे काले रंग के बैग से पारदर्शी पॉलिथीन में 38.95 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बैग से पांच इस्तेमाल की हुई इंसुलिन सिरिंज भी बरामद की हैं।
पुलिस ने मौके पर वाहन चालक हरीश चौहान (31) निवासी गांव सेरगाता, डाकघर कोटी, तहसील जुन्गा (शिमला) और आकाशदीप उर्फ दीपू (25) निवासी गांव ओईली, डाकघर कोटला (सोलन) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।
