HomeHimachalSolanUP से हिमाचल घूमाने के बहाने महिला की हत्या की खौफनाक साजिश!...

UP से हिमाचल घूमाने के बहाने महिला की हत्या की खौफनाक साजिश! गला रेत 100 मीटर गहरी खाई में फेंका, चमत्कार से बची; पति समेत 3 गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में पत्नी की हत्या की एक खौफनाक साजिश नाकाम हो गई। पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश निवासी एक शख्स अपनी पत्नी को घूमाने के बहाने हिमाचल लाया और अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर पहले उसके गले पर चाकू से वार किया। इसके बाद उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए।

सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में पत्नी की हत्या की एक खौफनाक साजिश नाकाम हो गई। पुलिस के अनुसार उत्तरप्रदेश निवासी एक शख्स अपनी पत्नी को घूमाने के बहाने हिमाचल लाया और अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर पहले उसके गले पर चाकू से वार किया। इसके बाद उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। चमत्कार देखिये… महिला झाड़ियों के सहारे बच गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को वारदात के कुछ वक्त बाद ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गत शुक्रवार को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली कि एक महिला को सड़क से नीचे गहरी ढांक में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही सदर थाना और सपरून चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पैराफिट के पास खून के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन महिला बाईपास रोड के पास पहुंच गई थी, जहां से उसे सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।

मामले के प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 10 जुलाई की रात उन्होंने तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा था। लगभग 08:15 से 08:30 बजे शाम वह अपनी गाड़ी में देहुंघाट से अपने घर गलोग की ओर जा रहा था। पंच परमेश्वर मंदिर, देहुंघाट से एक मोड़ पहले उसने सड़क के बाईं ओर तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा, जिनमें से एक युवक युवती को पकड़े हुए था। कुछ दूर आगे जाने के बाद उसे संदेह हुआ कि उक्त युवक युवती का गला दबा रहे हैं। इस पर उसने अपनी गाड़ी मोड़कर पुनः घटनास्थल की ओर आया और इसी दौरान उसने देखा कि तीनों युवकों ने युवती को सड़क से लगभग 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में धक्का देकर फेंक दिया, जिसके बाद आरोपी पैदल नगाली की ओर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के गणेश मंदिर में बड़ी चोरी, 45 लाख की चांदी की पालकी समेत सोने के कुंडल और नकदी भी ले उड़े चोर

जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को नगाली के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ, उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शी के बयान और प्रारंभिक अन्वेषण के आधार पर मामले में संलिप्त इन तीनों आरोपियों की पहचान मदन कुमार (28) पुत्र श्री राम रंगीला, निवासी गांव चौधार्याप फकुरवा, डाकघर कतरा बाजार, तहसील करनैलगंज, जिला गौंडा (उत्तरप्रदेश), दलीप कुमार (28) पुत्र श्री शालिगराम निवासी गांव सिसवारा, डाकघर एवं तहसील नानपारा, जिला बहराइच (उत्तरप्रदेश) और शिवम (20) पुत्र श्री शालिगराम निवासी गांव सिसवारा, डाकघर एवं तहसील नानपारा, जिला बहराइच (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई।

एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पूछताछ पर यह पता चला कि जिस महिला को ढांक से नीचे फैंका गया था, वह आरोपी दलीप कुमार की पत्नी है और इन दोनों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है। दलीप कुमार ने अपने सगे भाई शिवम व दोस्त मदन कुमार के साथ मोनिका की हत्या करने की साजिश की और इसी नियत से वे इसे उतर प्रदेश से घूमने जाने का बहाना बनाकर सोलन लाए थे, जहां पर रात के समय सुनसान जगह पर आरोपीगणों ने पहले मोनिका के गले पर चाकू से वार किया और उसके बाद सड़क से नीचे ढांक में हत्या करने की नियत से फेंक दिया, लेकिन महिला की किस्मत अच्छी थी कि वह किसी तरह बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से उतरप्रदेश जाने की फिराक में थे।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में 16171.79 मीट्रिक टन धान की सरकारी खरीद, आवक जारी, किसानों के खातों में 30.74 करोड़ जमा

उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घटना के आधे घंटे में ही दबोच लिया था। तीनों आरोपियों से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का विस्तार से पता लगाया जा सके। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी संबंधित राज्य की पुलिस से सत्यापन किया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि घटनास्थल से प्राप्त भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के कारणों, आरोपियों की मंशा और घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक तथ्य की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब हत्याकांड: दोनों आरोपित चार दिन के पुलिस रिमांड पर, हत्या की असल वजह खंगाल रही पुलिस
Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More