लाहौल-स्पीति : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में उदयपुर-किलाड़ (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर शुक्रवार दोपहर कडू नाला के समीप बड़ा हादसा हो गया, जहां कुल्लू से पांगी की ओर जा रही टाटा सूमो टैक्सी (एचपी-01एम-2210) अचानक पहाड़ी से गिरी भारी चट्टानों और मलबे की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ हाईवे पिछले दिन बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिरने से वाहन उसकी चपेट में आ गया।
घटना के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से एक घायल को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान और अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही लाहौल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन और बचाव दल युद्धस्तर पर मलबा हटाकर वाहन तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। आशंका है कि वाहन में सवार अन्य यात्री अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। लगातार खराब मौसम और पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
