HomeHimachalSirmaurपांवटा साहिब में बाता नदी पर बना पुराना पुल टूटा, प्रशासन की...

पांवटा साहिब में बाता नदी पर बना पुराना पुल टूटा, प्रशासन की सूझबूझ से टल गया बड़ा हादसा, ट्रैफिक नए पुल पर डायवर्ट

पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में बाता नदी पर बना 60 के दशक का पुराना पुल सोमवार दोपहर बाद पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पुल पर किसी प्रकार का यातायात नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने पहले ही एहतियात के तौर पर इस पुल पर आवाजाही बंद कर दी थी और ट्रैफिक को नए पुल पर डायवर्ट कर दिया था।

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुराने पुल का एक पिलर तिरछा हो गया था और उसके कमजोर होने के संकेत मिल रहे थे। इसके चलते पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई थी। सोमवार सुबह पुल को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। दोपहर बाद ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण बाता नदी में जलस्तर और बहाव बढ़ गया, जिससे पुल का पिलर ढह गया। कुछ ही देर बाद पुल का एक बड़ा हिस्सा भी नदी में समा गया।

ये भी पढ़ें:  इस सोसाइटी ने रानीताल बाग में छेड़ा सफाई अभियान, सजावटी पौधे भी लगाए

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और पूरे यातायात को नए पुल की ओर मोड़ दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई और किसी प्रकार की जनहानि भी नहीं हुई।

पांवटा साहिब उपमंडल में बाता नदी पर बना 60 के दशक का पुराना पुल सोमवार दोपहर बाद पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर ढह गया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और डीएसपी पांवटा साहिब समेत अन्य अधिकारी।

सोमवार शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार शिमला और दिल्ली से भी विशेषज्ञों की टीम जल्द पुल का निरीक्षण करेगी। बताया जा रहा है कि पुराने पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही संबंधित मंत्रालय को भेजा जा चुका है।

राष्ट्रीय राजमार्ग धौलाकुआं के सहायक अभियंता एसएस पुंडीर ने बताया कि यहां पुराने पुल की जगह नए पुल के निर्माण का प्रस्ताव पहले से लंबित है और स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  राजगढ़ के अमित शर्मा ने पास की सीए परीक्षा, युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

उधर, एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर और अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों और बाहरी यात्रियों से पुराने पुल की ओर न जाने तथा केवल नए पुल का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों दिशाओं का ट्रैफिक नए पुल से सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है और आवाजाही पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा।

ये भी पढ़ें:  सरकारी योजना से बदली तस्वीर, ई-रिक्शा को बनाया आमदनी का नया जरिया
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More