बिलासपुर : महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत जुखाला में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यशाला का आज ग्राम पंचायत भवन जुखाला में सफल समापन हुआ।
समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा बिलासपुर के सदस्य एवं सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक सुरेश नड्डा तथा सुशील पुंडीर ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का प्रभावी उपयोग कर अपने-अपने उद्यमों को सफल, लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करें।
उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वह नवीन तकनीकों, नवाचार तथा आधुनिक कार्यप्रणालियों को अपनाकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमिता न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करती है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा बिलासपुर के सचिव अमित कुमार ने कार्यशाला के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को भविष्य में भी विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में प्रशिक्षक अमन पाटियाल एवं करण कुमार, एग्जीक्यूटिव कंसल्टेंट आकाश पाटियाल, जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर के उद्यम विस्तार अधिकारी पविंदर कुमार तथा ग्राम पंचायत जुखाला के प्रधान हरि राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पूर्व खंड विकास समिति सदस्य निभा देवी, पैरा लीगल वालंटियर सुनीता कुमारी, ग्राम पंचायत के सभी वार्ड सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : नाहन : बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ की दोटूक, 10 दिन में मांगें नहीं मानीं तो काले बैज लगाकर करेंगे आंदोलन
ये भी पढ़ें : जॉब ट्रेनी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को बड़ी राहत, सुक्खू सरकार ने 78% बढ़ाया वेतन, अब मिलेंगे ₹60,000 प्रतिमाह
