नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने लंबित पदोन्नति और अन्य मांगों को लेकर बिजली बोर्ड प्रबंधन को दिए गए 10 दिन के अल्टीमेटम का समर्थन करते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में सकारात्मक निर्णय न होने पर जिला सिरमौर के तकनीकी कर्मचारी काले बैज लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे।
जिला सिरमौर इकाई के अध्यक्ष इरशाद रहमान और जिला सचिव वीरेंद्र कुमार ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रणवीर ठाकुर और प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर जिला सिरमौर के तकनीकी कर्मचारी आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बड़ी संख्या में आईटीआई और नॉन-आईटीआई तकनीकी कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सेवा नियमों में संशोधन के कारण पात्र होने के बावजूद कई कर्मचारी पदोन्नति से वंचित हैं, जिससे कर्मचारियों में निराशा का माहौल है।
उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में भी तकनीकी कर्मचारियों के कई स्वीकृत पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। कई अनुभागों और उपमंडलों में सीमित स्टाफ के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। इसके बावजूद कर्मचारी दुर्गम क्षेत्रों में भी दिन-रात बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कार्य कर रहे हैं।
संघ ने बोर्ड प्रबंधन से रिक्त पदों को शीघ्र भरने, लंबित पदोन्नति और अन्य जायज मांगों का समयबद्ध समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिन के भीतर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला सिरमौर के सभी तकनीकी कर्मचारी काले बैज लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे।
संघ ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान भी उपभोक्ताओं के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और विद्युत आपूर्ति तथा आवश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी।
