HomeCrimeबीए और एलएलबी की डिग्रियां निकली फर्जी, जांच में हुआ ये चौंकाने...

बीए और एलएलबी की डिग्रियां निकली फर्जी, जांच में हुआ ये चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस ने मामले की जांच की तो बीए और एलएलबी की डिग्रियां फर्जी पाई गई. इसके आधार पर अब पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार नोटिस जारी कर पाबंद कर दिया है.

सोलन : हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर फर्जी डिग्री का मामला सामने आया है. हरियाणा के पंचकुला जिला के कालका निवासी महेश शर्मा पर मानव भारती विश्वविद्यालय, लाडो सुल्तानपुर, सोलन से फर्जी बीए और एलएलबी की डिग्री हासिल कर बार काउंसिल में पंजीकरण करवाने का आरोप लगा है. मामला जिला सोलन के धर्मपुर थाना से जुड़ा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पंचकुला के कालका निवासी सुनील दत्त ने इस संदर्भ में गत साल 20 जनवरी को पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत में सुनील ने आरोप लगाया था कि कालका निवासी महेश शर्मा ने मानव भारती विश्वविद्यालय, लाडो सुलतानपुर, सोलन से बीए और एलएलबी की फर्जी डिग्रियां हासिल की और इन फर्जी डिग्रियों के आधार पर महेश ने बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा में अपने आपको पंजीकृत करवाया है.

ये भी पढ़ें:  'शाहूकारों रा स्वांग' ने खोली सामाजिक बुराइयों की पोल, हाब्बी मानसिंह कला केंद्र में प्रभावशाली लोकनाट्य मंचन

शिकायत में आरोप लगाया गया कि महेश शर्मा ने मानव भारती विश्वविद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2010-13 में बीए की डिग्री हासिल की, जबकि इस विश्वविद्यालय में बीए स्नातक का पाठ्यक्रम वर्ष 2014 से शुरू हुआ था. इसके बाद बीए स्नातक की फर्जी डिग्री के आधार पर महेश ने मानव भारती विश्वविद्यालय से ही एलएलबी की भी डिग्री हासिल की. इस शिकायत पर पुलिस ने धर्मपुर थाना में केस दर्ज किया था.

इस मामले की जांच के दौरान आरोपी महेश की मानव भारती विश्वविद्यालय से जारी बीए स्नातक (शैक्षणिक सत्र 2010-13) की डिग्री की तस्दीक करवाई गई तो पाया गया कि शैक्षणिक सत्र 2010-13 के दौरान मानव भारती विश्वविद्यालय में बीए स्नातक कोर्स की मान्यता ही नहीं थी, लेकिन आरोपी ने इसी बीए स्नातक की फर्जी डिग्री के आधार पर मानव भारती विश्वविद्यालय से ही एलएलबी की डिग्री हासिल की. इन डिग्रियों के आधार पर आरोपी ने बार काउंसिल पंजाब व हरियाणा में अपने आपको पंजीकृत करवाया है.

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में खाई में फेंकी लाश की गुत्थी सुलझी, हरियाणा के 2 व्यक्ति गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला

जांच के दौरान आरोपी महेश शर्मा की बीए स्नातक कोर्स की पढ़ाई से संबंधित कोई भी अभिलेख मानव भारती विश्वविद्यालय में नहीं पाया गया. इस पर पुलिस ने आरोपी महेश शर्मा को नियमानुसार नोटिस अधीन बीएनएसएस की धारा 35(3) पर पाबंद किया गया है. मामले में आगामी जांच जारी है. एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More