
श्री रेणुकाजी : प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री रेणुकाजी तीर्थ में भाद्रपद संक्रांति के शुभ अवसर पर श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड की ओर से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ में ग्राम पंचायत ददाहू के प्रधान पंकज गर्ग ने पत्नी सहित मुख्य याज्ञिक के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सिंह ठाकुर और बोर्ड सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर के मुख्य पुजारी रमेश कपिल और पंडित रवि दत्त ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न करवाया।
हवन यज्ञ में बोर्ड कर्मचारी माता राम, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह, रोशन लाल, गोविंद सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठान में आहुति डालकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
उधर, सिरमौर के विभिन्न मंदिरों में भी संक्रांति के पावन पर्व पर भारी भीड़ उमड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कालीस्थान मंदिर, महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर, शिव मंदिर रानीताल, पौढ़ीवाला शिव मंदिर, कटासन माता मंदिर, जमटा स्थित माता बालासुंदरी मंदिर, हरिपुरधार में भंगायणी मंदिर, परशुराम मंदिर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न देवालयों में भी श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरकर सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके साथ साथ शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सोमवार को नाग पंचमी मनाई गई। नाग पंचमी होने के कारण भी मंदिरों में खासकर शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।