
घुमारवीं : जिला बिलासपुर के घुमारवीं में गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब भगेड़-पनौल मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप जबलू से घुमारवीं आ रही एचआरटीसी (HRTC) की बस सामने से आ रही निजी बस से टकरा गई। टक्कर के बाद एचआरटीसी बस सड़क से बाहर निकल गई और उसका एक हिस्सा गहरी खाई की तरफ लटक गया। गनीमत रही कि सड़क किनारे लगा क्रैश बैरियर बस को खाई में गिरने से रोकने में कामयाब रहा।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस का अगला हिस्सा सड़क से बाहर निकल गया था और नीचे गहरी खाई होने के कारण मौके पर स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। खाई के नीचे हाईटेंशन बिजली की लाइन भी गुजर रही थी, जिससे खतरा और बढ़ गया था।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। बस में चालक और परिचालक समेत शिक्षण संस्थानों के बच्चे और नौकरीपेशा यानी 30 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि क्रैश बैरियर नहीं होता तो बस सीधे गहरी खाई में जा सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद क्रैश बैरियर यात्रियों के लिए सुरक्षा कवच साबित हुआ।
बस अड्डा घुमारवीं के प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि एचआरटीसी बस जबलू से घुमारवीं की ओर आ रही थी। बस में चालक, परिचालक और करीब 28 यात्री सवार थे। हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
वहीं, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : हिमाचल में दो ट्रकों के बीच आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत, 8 घायल, मची अफरा-तफरी
ये भी पढ़ें : ई-ऑफिस के उपयोग में हिमाचल का ये जिला प्रदेश में अव्वल, 1.96 लाख से अधिक गतिविधियां दर्ज