
पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बांगरन चौक के पास शनिवार रात पेश आया, जहां तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में बाइक आ गई।
हादसे में दुगाना निवासी 26 वर्षीय ऋतिक पुंडीर पुत्र कबूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक 23 वर्षीय निर्भय निवासी कमरऊ, जिला सिरमौर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे पांवटा साहिब में प्राथमिक उपचार के बाद देर रात देहरादून रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने ट्राले के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्राले की तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मृतक ऋतिक पुंडीर के पिता कफोटा स्कूल में अर्थशास्त्र विषय के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार और इलाके में मातम पसरा हुआ है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे में एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।