
ऊना : जिला पुलिस ऊना ने पुबोवाल में हुई मोबाइल लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अमृतसर और जालंधर से गिरफ्तार किया है। वारदात के दौरान आरोपियों ने मोबाइल छीनने का विरोध करने पर पीड़ित पर तेजधार हथियार से हमला भी किया था।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे पुबोवाल में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे। पीड़ित ने जब मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया तो आरोपियों में से एक ने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना हरोली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। एएसआई सुरेंद्र कुमार, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना हरोली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने अर्शदीप निवासी खानकोट राम सिंह वाला, अमृतसर (पंजाब) को गांव कुकरान से और अंकित निवासी खुरलाकिंगरा, जालंधर, हाल निवासी बद्दोवाल, गढ़शंकर (पंजाब) को गांव बद्दोवाल से डिटेन कर 25 अगस्त को नियमानुसार गिरफ्तार किया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल और घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान को लेकर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
