बद्दी : हिमाचल प्रदेश के बद्दी में पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने एक कंपनी के गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और दवाओं के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। टीम ने करीब 3.64 लाख नशीली गोलियां, 19 हजार कैप्सूल, 43 किलोग्राम पाउडर, 41 बोतलें सिरप और करीब 49 किलोग्राम प्रिंटेड फ्वायल बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई मई माह में सामने आए नकली और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़े मामले की जांच के क्रम में की गई है। इससे पहले 8 मई को पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बद्दी में 2.23 लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद कर अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया था।
जांच में सामने आया था कि बद्दी में फूड लाइसेंस के तहत नकली कंपनी और बैच के नाम से नशीली दवाइयां तैयार की जा रही थीं। इसके बाद इन दवाओं को कुरियर के माध्यम से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। जानकारी मिली है कि ये दवाइयां सिरमौर की एक कंपनी के नाम पर तैयार की जा रही थीं।
अब इसी मामले की आगे की जांच में पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने एक गोदाम से अलग-अलग तरह की नशीली दवाइयों की बड़ी खेप बरामद की है। टीम को करीब 23 हजार अन्य गोलियां, 310 वायल और 57 बोतलें सस्पेंशन आईपी भी मिली हैं। इन दवाइयों के संबंध में ड्रग नियंत्रक प्राधिकरण की ओर से ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अंकित निवासी उत्तर प्रदेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तथा दवाइयों की सप्लाई से संबंधित कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
