होमHimachalHamirpurऐसे भी होते हैं रिश्ते... जेठानी की मौत का सदमा सहन नहीं...

ऐसे भी होते हैं रिश्ते… जेठानी की मौत का सदमा सहन नहीं कर पाई देवरानी, घंटेभर में ही तोड़ा दम, एक साथ उठीं दो अर्थियां

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के नादौन उपमंडल के बदारन गांव में रविवार को एक ही परिवार की दो महिलाओं की करीब एक घंटे के अंतराल में मौत से पूरे गांव में शोक छा गया।

हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के नादौन उपमंडल के बदारन गांव में रविवार को एक ही परिवार की दो महिलाओं की करीब एक घंटे के अंतराल में मौत से पूरे गांव में शोक छा गया। पहले जेठानी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई।

इसके करीब एक घंटे बाद उनकी देवरानी की भी तबीयत बिगड़ गई और डाक्टरों की काफी कोशिशों के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। दोनों के बीच वर्षों से बेहद आत्मीय रिश्ता था और परिजनों के अनुसार वे एक-दूसरे को सगी बहनों की तरह मानती थीं।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बदारन निवासी शकुंतला देवी की घर पर अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनके पुत्र और पेशे से अध्यापक विजय कुमार सहित अन्य परिजन उन्हें उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें:  एक जून से शुरू होगा एंटी चिट्टा अभियान का दूसरा चरण: मुख्यमंत्री

शकुंतला देवी की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया। इसी दौरान उनकी देवरानी कमलेश कुमारी को भी जेठानी के निधन की सूचना मिली। परिजनों के अनुसार, इसके बाद कमलेश कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों महिलाओं के बीच लंबे समय से बेहद गहरा लगाव था। उनका रिश्ता देवरानी-जेठानी से कहीं बढ़कर था और दोनों एक-दूसरे को सगी बहनों की तरह मानती थीं। दोनों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ये भी पढ़ें:  उद्योगपतियों की मांग पर टला पावर कट, कालाअंब में HPSEBL अधिकारियों ने लिए कई अहम फैसले

एक साथ उठीं दोनों की अर्थियां
रविवार शाम दोनों महिलाओं की अर्थियां एक ही आंगन से एक साथ उठीं। दोनों की अंतिम यात्रा साथ श्मशानघाट पहुंची, जहां दोनों का अंतिम संस्कार भी एक साथ किया गया। एक ही परिवार की दो महिलाओं की इस तरह एक साथ अंतिम विदाई देखकर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री भी बदारन गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया।

एक घंटे के अंतराल में हुई दोनों महिलाओं की मौत और इसके बाद एक साथ हुई अंतिम विदाई से बदारन गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण दोनों के वर्षों पुराने स्नेह और आत्मीय रिश्ते को याद कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  इस दिन हिमाचल आएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, DC शिमला ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More