नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के समीप यशवंत विहार में मंगलवार शाम एक बैल गहरी खाई में जा गिरा। घटना के बाद बैल को खाई से बाहर निकालने के लिए करीब चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
फायर विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों और श्री सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी नाहन के सदस्यों की मदद से हाइड्रा मशीन के जरिए बैल को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार यह घटना वार्ड नंबर दो यशवंत विहार में सांसद सुरेश कश्यप के आवास से करीब 50 मीटर दूर स्थित तीखे मोड़ के पास हुई। यहां दो बैल आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान एक बैल सड़क किनारे से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा।
बैल के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर विभाग को जानकारी दी। फायरमैन जयप्रकाश, फायरमैन मैन सिंह और चालक दीपेश कुमार करीब शाम सात बजे मौके पर पहुंचे। खाई की गहराई और बैल के भारी-भरकम होने के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था।
इसके बाद बिजली विभाग के क्लास-1 ठेकेदार चमन लाल के सहयोग से करीब 30 किलोमीटर दूर से हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बैल को सावधानीपूर्वक हाइड्रा से बांधा और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद उसे खाई से बाहर निकाला।
रेस्क्यू में श्री सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी नाहन की इंदिरा चावरिया, राजीव गुप्ता एडवोकेट और शुभम सैनी ने भी सहयोग किया। टीम ने प्रशासनिक समन्वय में मदद करने के साथ बैल के उपचार के लिए पशु चिकित्सक को बुलाने में भी सहयोग किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
यशवंत विहार के इस तीखे मोड़ पर सड़क किनारे गहरी खाई होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेड नहीं हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कॉलोनी के बच्चे भी आसपास रहते और खेलते हैं, जबकि नीचे की ओर मेडिकल कॉलेज का छात्रावास व चिकित्सकों के आवास हैं।
तेज गति से आने वाले वाहनों और सड़क किनारे खुले बिजली तारों के कारण भी खतरा बना रहता है। लोगों ने नगर परिषद व संबंधित विभागों से इस स्थान पर सुरक्षा बैरिकेड लगाने और बिजली तार को व्यवस्थित करने की मांग की है।
