पांवटा साहिब : सिरमौर पुलिस की SIU नाहन की टीम ने पांवटा साहिब में एक व्यक्ति को चिट्टे (हेरोइन) के साथ धर दबोचा है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, SIU नाहन की टीम रैनबैक्सी चौक पांवटा साहिब के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अनीश मोहम्मद सैनवाला मुबारिकपुर, माजरा कथित तौर पर पांवटा, माजरा और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा (स्मैक) बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में चिट्टे की बरामदगी और कथित तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर आगामी जांच जारी है।
