बद्दी : नालागढ़ में ग्रेनेड बरामदगी मामले में बद्दी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान सलीम मोहम्मद के तौर पर हुई है, जो मुख्य आरोपी का भाई है। पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ और उसकी पत्नी किरना को गिरफ्तार कर चुकी है। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 5 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस थाना नालागढ़ में 29 सितंबर को Arms Act और Explosive Substances Act, 1908 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सलीम मोहम्मद (42), निवासी माजरा, डाकघर बरूणा, तहसील नालागढ़, जिला सोलन को गिरफ्तार किया।
सलीम मोहम्मद और मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी किरना पत्नी रशीद मोहम्मद को 1 अक्तूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इससे पहले मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को 30 सितंबर को नालागढ़ न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय ने तीनों को 5 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ग्रेनेड की बरामदगी, उसके स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त है या नहीं।
मामले की गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। बद्दी पुलिस ग्रेनेड के स्रोत, उसकी बरामदगी की परिस्थितियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।
