ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में कार से फायरिंग किए जाने को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों को पुलिस ने झूठा बताया है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस कंट्रोल रूम को एक कार में हथियार होने की आशंका संबंधी सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला भर में नाके स्थापित किए और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को टीटीआर, ऊना के पास रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से एक खिलौना पिस्तौल बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले के तथ्यों की जांच के बाद कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। जिला पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
