नाहन : CPM जिला सिरमौर कमेटी ने रविवार को विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में नाहन में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक चौगान मैदान के समीप दिल्ली गेट पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
मीडिया से बातचीत में CPM जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि 30 सितंबर को दिल्ली में INDIA ब्लॉक की संयुक्त बैठक हुई थी, जिसमें 2 से 8 अक्टूबर तक जिला मुख्यालय और ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
राजेंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद सरकारी संस्थाओं को उसके अधीन करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि संविधान ने चुनाव आयोग को स्वायत्त संस्था का दर्जा दिया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष रहे, लेकिन उनके अनुसार आयोग की स्वायत्तता प्रभावित हुई है।
उन्होंने SIR को लेकर आरोप लगाया कि इसके तहत 13 करोड़ से अधिक नागरिकों को मताधिकार से बाहर किया गया है।
CPM ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। पार्टी ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
राजेंद्र ठाकुर ने चुनाव आयोग की स्वायत्तता बहाल करने और आयोग के गठन की प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान आशीष कुमार, धनीराम, राम सिंह, बॉबी, जगदीश पुंडीर, आशा शर्मा, राकेश रामोल, हीरा सिंह और वंश सहित CPM के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
