नाहन : चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित स्केटिंग रिंक में आयोजित North Zone Karate Championship 2026 में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
नेशनल कराटे फेडरेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से करीब 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। हिमाचल प्रदेश के 47 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में दम दिखाते हुए कुल 43 पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में जिला सिरमौर के नाहन स्थित माउंटेन मार्शल आर्ट्स डोजो नाहन के 10 खिलाड़ियों ने कुमिते स्पर्धा में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक जीते। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
Mountain Martial Arts Dojo Nahan के लिए अर्पण शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। दिव्यांश शर्मा, अराध्य शर्मा, अद्वित ठाकुर और वरदान शर्मा ने रजत पदक जीते। वहीं वैभव शर्मा, इशानी ठाकुर और श्रेसी शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किए।
पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को नेशनल कराटे फेडरेशन (National Karate Federation) की ओर से मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवारों, कोच और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की ओर से नॉर्थ इंडिया चीफ इंस्ट्रक्टर शिहान इकबाल मालिक, जिला सिरमौर चीफ इंस्ट्रक्टर सेंसई प्रवीण कुमार और मनोज कुमार रेफरी व जज की जिम्मेदारी भी निभाई।
जिला सिरमौर चीफ इंस्ट्रक्टर सेंसई प्रवीण कुमार ने हिमाचल प्रदेश और सिरमौर के सभी प्रतिभागियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
