HomeHimachal6800 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग देने के लिए ‘मेरे शहर के 100...

6800 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग देने के लिए ‘मेरे शहर के 100 रत्न’ कार्यक्रम का शुभारंभ

शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ‘मेरे शहर के 100 रत्न’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में 6,800 विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान करना है. इस कार्यक्रम के तहत क्रैक एकेडमी अनुमानित 34 करोड़ रुपये के निवेश से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान करेगी.

निष्पक्ष चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कक्षा छह और उससे ऊपर के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से शीर्ष 100 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी, जबकि अगले 200 विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत और उसके बाद के 500 विद्यार्थियों को कोचिंग पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.

ये भी पढ़ें:  बल्क ड्रग पार्क के 250 करोड़ के साइट विकास कार्य और 10 करोड़ के कामकाजी महिला छात्रावास का शिलान्यास

कंपनी इन बच्चों को तब तक सहायता प्रदान करेगी, जब तक वे अपना लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते. राज्य सरकार इस पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए क्रैक एकेडमी को पूरा सहयोग देगी. एकेडमी जहां टेस्ट पेपर तैयार करेगी, वहीं शिक्षा विभाग परीक्षाओं के संचालन की देखरेख करेगा.

विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक मेगा जागरूकता अभियान भी शुरू किया. इस कार्यक्रम की पहल कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में की गई थी, जिसमें 50 स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था और वर्तमान में ज्वालामुखी केे 220 चयनित विद्यार्थी इस योजना के तहत योग्यता आधारित कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर में 187 लड़कियों ने लगवाए एचपीवी के टीके, आंकड़ा पहुंचा 780

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से न केवल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि राज्य में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे. क्रैक एकेडमी की योजना 90 से अधिक कोचिंग सेंटर स्थापित करने की है, जिससे अप्रत्यक्ष रोजगार के सृजन के साथ 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा.

एकेडमी शिमला के रिज स्थित पुस्तकालय के जीर्णाेद्धार और रखरखाव के लिए 1.5 करोड़ रुपये का निवेश भी करेगी. मुख्यमंत्री ने एकेडमी को भवन के विरासत को संरक्षित रखते हुए विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं में वृद्धि करने के उद्देश्य से इसे आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करने के निर्देश दिए.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More