नाहन : ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय के छह होनहार खिलाड़ियों का चयन 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हिमाचल प्रदेश की रग्बी टीम में इस विद्यालय की चार छात्राएं अंश्वी, श्वेता, स्नेहा व दीपिका और दो छात्र ध्रुव व आर्यन को शामिल किया गया है। एक साथ छह खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सीमित संसाधनों में भी लहराया परचम
खिलाड़ियों के कोच धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद इन खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है। इन्होंने न सिर्फ विद्यालय बल्कि पूरे सिरमौर जिले का नाम रोशन किया है।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन को दिया है।
लोगों ने दी बधाई
इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष मान सिंह, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, वर्तमान प्रधान शिक्षा देवी, उपप्रधान हितेंद्र, बीडीसी सदस्य राजेश कुमार तथा एसएमसी सदस्यों (मूलराज, राजकुमार, सुमन देवी, सरबजीत कौर, मीरा देवी और पवन कुमार) ने खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।
इसके अलावा प्रबुद्ध शिक्षाविद व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अजय शर्मा (वर्तमान एजुकेशन डायरेक्टर, हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा) ने भी खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है।
अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां ये छह खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।

