नाहन/शिलाई : जिला सिरमौर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित दो लोग घायल हुए हैं।
पहला हादसा शिलाई क्षेत्र के कुंहट में हुआ, जहां सड़क पर खड़ा वाहन अचानक पीछे की ओर लुढ़कते हुए ढांक में जा गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दूसरा हादसा नाहन के दोसड़का मोड़ के समीप हुआ, जहां बाइक की कार से जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस थाना शिलाई में दर्ज शिकायत के अनुसार, रणदीप चौहान निवासी गांव कुंहट, मोहन सिंह और यशपाल के साथ गाड़ी नंबर HP17B-0718 में घास लेने घासण में गए थे।
वापसी के दौरान जब वे कुंहट पहुंचे तो चालक यशपाल ने गाड़ी सड़क पर खड़ी कर दी और घास उतारने के लिए नीचे उतर गया। रणदीप भी गाड़ी से उतरकर बाहर आ गया, जबकि वाहन का मालिक मोहन सिंह अंदर ही बैठा रहा।
इसी दौरान गाड़ी अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और ढांक में जा गिरी। हादसे में मोहन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप है कि चालक ने गाड़ी असुरक्षित स्थान पर खड़ी की थी और हैंडब्रेक भी नहीं लगाई थी, जिस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस थाना शिलाई में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दूसरा हादसा दोसड़का से दो मोड़ पीछे हुआ। पुलिस थाना नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार, कुलदीप सिंह निवासी गांव कलसेर अपनी कार से कालाअंब से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेणुका-दोसड़का की ओर से आ रही काले रंग की ऑल्टो कार को नाहन की तरफ से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी।
शिकायत के मुताबिक, बाइक पर तीन युवक सवार थे और चालक ने बाइक को अपनी लेन से गलत दिशा में ले जाकर सामने से आ रही कार को टक्कर मारी।
कार चालक विजेंद्र सिंह निवासी पच्छाद और महिला सुषमा को चोटें आई हैं। विजेंद्र को हल्की चोटें आईं, जबकि सुषमा के सिर पर चोट लगी है। हादसे के बाद बाइक सवार तीनों युवक एक निजी वाहन से मौके से चले गए।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने बाइक नंबर HP18A-7494 के चालक अरुण के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।




