नाहन : शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने वाली बहुप्रतीक्षित वैकल्पिक बाईपास सड़क का निर्माण अब तेजी पकड़ने लगा है।
बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 12.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही 9.30 किलोमीटर लंबी इस सड़क के तहत पुल, पुलियों, पैरापिट और कल्वर्ट निर्माण का आधे से अधिक काम पूरा हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य है कि अप्रैल में टारिंग सीजन शुरू होने से पहले सड़क को टारिंग के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया जाए।
नाहन शहर की यातायात व्यवस्था लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। शहर से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-907ए पर संकरे रास्तों और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण आए दिन जाम लगता है।
गोबिंदगढ़ मोहल्ले से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क की सीमित चौड़ाई के कारण कई बार वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसका असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ नाहन से होकर गुजरने वाले बाहरी वाहन चालकों पर भी पड़ता है।
ऐसे में बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग को शहर के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक बाईपास के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत लोक निर्माण विभाग इस सड़क का निर्माण करवा रहा है।
इसके तैयार होने से शहर के संकरे हिस्सों से गुजरने वाले यातायात को वैकल्पिक रास्ता मिलने की उम्मीद है। खासकर भारी वाहनों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को इसका लाभ मिल सकता है।
नाहन शहर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए शहर के निचले हिस्से में सुरंग निर्माण की योजना पर भी चर्चा होती रही है। हालांकि, यह प्रस्ताव अभी तक धरातल पर आगे नहीं बढ़ पाया है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों में बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग ही शहर को वैकल्पिक यातायात सुविधा देने वाली अहम परियोजना के रूप में सामने आया है।
गौरतलब है कि इस सड़क का मामला कई दशकों तक आर्मी और सिविलियन विवाद के कारण उलझा रहा। यही वजह रही कि यह मार्ग लंबे समय तक चुनावी मुद्दा भी बना रहा।
तमाम बाधाओं के बाद अब निर्माण कार्य धरातल पर आगे बढ़ने से स्थानीय लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। सड़क तैयार होने से नाहन शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होने और यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि सड़क पर चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल टारिंग का सीजन नहीं है। अप्रैल में टारिंग सीजन शुरू होने से पहले सड़क को मेटलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा।




