सोलन : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा लोगों के लंबे समय से चल रहे विवादों से राहत दिलाने के लिए सोलन जिला में मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान’ आरंभ किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति द्वारा भी यह अभियान जिला के संबंधित न्यायालयों में चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ऐसे मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत विवाह संबंधी विवाद, पारिवारिक विवाद, मोटर वाहन चालान, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा मामले, समझौता योग्य आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद तथा ऋण वसूली से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त विभाजन और बेदखली मुकदमों, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य उपयुक्त नागरिक मामलों को भी मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को विवादों के वैकल्पिक समाधान की ओर प्रेरित करना तथा लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना है।
उन्होंने कहा कि मध्यस्थता में दोनों पक्ष एक प्रशिक्षित मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति से विवाद सुलझाते हैं। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि लंबित मामलों को शीघ्र सुलझाने के लिए मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 3.0 अभियान का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-220713 या टोल फ्री नंबर 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में सड़क पर पलटी तेज रफ्तार पिकअप जीप, 9 लोग घायल, पुलिस हादसे की जांच में जुटी
- ये भी पढ़ें : नशे के खिलाफ बद्दी पुलिस का बड़ा वार, स्पेशल सेल ने 138.38 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया ये शख्स



