होमHimachalKangraडॉ. बिंदल बोले- चुनिंदा नहीं, सभी 28 लाख बहनों को मिले उनका...

डॉ. बिंदल बोले- चुनिंदा नहीं, सभी 28 लाख बहनों को मिले उनका अधिकार; 19 को कांग्रेस सरकार के खिलाफ गरजेंगी महिलाएं

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जाएगा।

धर्मशाला : भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन मंगलवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी कांगड़ा के उत्सव पैलेस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल एवं पायल वैद्य, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा विधायक पवन काजल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की सक्रियता तथा बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में अपने संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त तथा सक्रिय बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे एवं प्रकोष्ठ पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में चिट्टे के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार, 1.04 लाख रुपये कैश और डिजिटल तराजू भी बरामद

डॉ. बिंदल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 नवंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर, 19 को किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक देहरा, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक पालमपुर और 21 नवंबर को महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ऊना में आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ज्वालामुखी में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह विभिन्न मोर्चों की प्रदेश स्तरीय बैठकों और कार्यशालाओं के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट: बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे 10 दोपहिया वाहन पुलिस ने किए जब्त, 22 वाहनों के काटे चालान

इस मौके पर डॉ. बिंदल ने कहा कि 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की चुनावी गारंटी को लेकर आयोजित किया जाएगा।

प्रदर्शन का प्रमुख नारा होगा, “1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए।” भाजपा महिलाओं की इस मांग को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से अपनी चुनावी गारंटी पर जवाब मांगेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों का एक संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सेवादूत अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जनसंपर्क को व्यापक बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। संगठन की यही जमीनी शक्ति भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

ये भी पढ़ें:  पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का 87 वर्ष की उम्र में निधन, शीर्ष भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत बूथ संरचना, सक्रिय कार्यकर्ताओं और व्यापक जनसंपर्क के आधार पर भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत प्राप्त कर हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाएगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More