पांवटा साहिब : यमुना नदी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन ट्रैक्टर चालकों को पकड़ा है। आरोप है कि तीनों सरकारी भूमि से रेत, बजरी और पत्थर का मिश्रण निकालकर ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ पुरुवाला पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिंघपुरा पुलिस चौकी की टीम श्री बाला सुंदरी मंदिर चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि यमुना नदी में भीमावाला से भंगानी के पास नवनिर्मित पुल के नजदीक सरकारी भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली और दो लिफ्टेड बकेट वाले ट्रैक्टरों में रेत, बजरी व पत्थर का मिश्रण भरा जा रहा था।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों ट्रैक्टर चालकों को काबू किया। इनमें ट्रैक्टर नंबर UK16CA 4013 का चालक इरफान निवासी भीमावाला, विकासनगर, जिला देहरादून बताया गया है। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाले दो अन्य ट्रैक्टर चालकों की पहचान रवि कुमार और सादिक निवासी भीमावाला, विकासनगर, जिला देहरादून के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि तीनों चालक मौके पर खनन से संबंधित कोई दस्तावेज या अनुमति पेश नहीं कर सके। इसके बाद सरकारी भूमि से खनिज सामग्री चोरी करने के आरोप में तीनों के विरुद्ध पुरुवाला पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
- ये भी पढ़ें : किराये के कमरे में रह रहे चार युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार, SIU ने गुप्त सूचना पर की बड़ी कार्रवाई
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में स्मैक के साथ पकड़े तीन युवक, दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई, पुलिस ने तेज की आगे की जांच




