चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया तथा संविधान के मूल सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ।
उपायुक्त ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना भारत को सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।
इसमें प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक दिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिन हमें अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर में भी ली शपथ
बिलासपुर : उपायुक्त किरण भड़ाना ने संविधान दिवस के अवसर पर बचत भवन में उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के पालन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
शपथ के दौरान सभी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने, सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय दिलाने तथा विचार, अभिव्यक्ति और धर्म की स्वतंत्रता का सम्मान करने का संकल्प लिया।
साथ ही सभी नागरिकों के बीच भाईचारे, समानता और आपसी सम्मान की भावना बनाए रखने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
- ये भी पढ़ें : लघु उद्योग भारती कालाअंब ने शुरू की एंबुलेंस सेवा, राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी, मंच से दिया ये बड़ा संदेश
- ये भी पढ़ें : पीडीएस की दुकानों पर नियमित निरीक्षण करें अधिकारी, एडीसी इशांत जसवाल ने पारदर्शिता बनाए रखने के दिए निर्देश





