शिमला : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (ST) का दर्जा देने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।
अदालत ने हाटी समुदाय के एसटी के दर्जे को बरकरार रखने का फैसला दिया है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद की ओर से पारित कानून के खिलाफ हाईकोर्ट कोई रोक या संशोधन नहीं कर सकता। किस समुदाय को एसटी सूची में शामिल करना है या नहीं, यह तय करने का अधिकार केवल संसद के पास है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में समान मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का भी हवाला दिया। न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की।
बता दें कि इस फैसले पर गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय के साथ-साथ पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई थीं। केंद्र सरकार की ओर से सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को ST का दर्जा दिए जाने के बाद इस निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं ने सिविल रिट याचिका दाखिल कर इस फैसले पर सवाल उठाए थे। उनका तर्क था कि जनजातीय दर्जा दिए जाने से क्षेत्र के अनुसूचित जाति समुदाय के अधिकारों और हितों पर असर पड़ सकता है।
उधर, केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमीचंद ने कहा कि वर्ष 1967 में जौनसार क्षेत्र को हाटी का दर्जा मिल गया था। गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने इसके लिए लंबा आंदोलन लड़ा है। केंद्रीय हाटी समिति कोर्ट के फैसले का स्वागत करती है। साथ ही इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार का धन्यवाद करते हैं। हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया है।
वहीं हाटी समुदाय ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि गिरिपार के लाखों लोगों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। लंबे वक्त से लोग इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे आज हाई कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाकर बड़ी राहत दी है।
2022 में संसद से पारित हुआ था बिल
हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने से जुड़ा विधेयक दिसंबर 2022 में लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पारित हुआ था। इसके बाद जुलाई 2023 में राज्यसभा ने भी इसे मंजूरी दे दी। राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद 4 अगस्त 2023 को इसे भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया था।
इस फैसले का गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति ने विरोध किया था। समिति ने ST दर्जे के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी। नवंबर 2023 में हाईकोर्ट ने याचिका को सुनवाई योग्य मानते हुए केंद्र और हिमाचल सरकार से जुड़े विभिन्न विभागों तथा आयोगों को नोटिस जारी किए थे। इसके बाद से मामले में सुनवाई चल रही थी।
छह दशक से उठ रही थी ST दर्जे की मांग
सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र का हाटी समुदाय करीब छह दशक से अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग कर रहा था। समुदाय के प्रतिनिधियों का तर्क रहा है कि हिमाचल का गिरिपार और उत्तराखंड का जौनसार-बावर क्षेत्र भौगोलिक एवं सांस्कृतिक रूप से काफी समान हैं, जबकि जौनसार-बावर को वर्ष 1967 में ही जनजातीय दर्जा मिल गया था।

