नाहन : पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह सवेरे शंभुवाला में गुरुद्वारे के समीप बजरी से लदा एक ट्राला फिर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। घटना सुबह चार बजे के आसपास की बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि घटना के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं, चालक को कोई चोट नहीं आई।

हैरानी इस बात की है कि आए दिन हाईवे पर हादसे बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ समय से रेत बजरी से लोड ट्राले हादसे का शिकार हो रहे हैं। ऐसे हादसों पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों में इस बात का खौफ बना हुआ है कि ये ट्राले कभी भी अनियंत्रित होकर दूसरे वाहनों या फिर राहगीरों के लिए भी खतरा बन सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी नेशनल हाईवे पर कुछ दिन पहले गोशाला के समीप एक तीखे मोड़ पर बजरी से लदा ट्राला पलट गया था। वह ट्राला कालाअंब की ओर जा रहा था और उसका पिछला हिस्सा अनियंत्रित होकर पलट गया था। ये ट्राला भी कालाअंब की ओर जा रहा था, जो अचानक सड़क किनारे पलट गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर रेत-बजरी से लदे ओवरलोड ट्रालों के खराब होने और दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खजुरना से नाहन की ओर चढ़ाई वाले हिस्से में ऐसे ट्राले अकसर हांफते नजर आते हैं, जिससे वे बीच सड़क पर रुककर जाम का कारण बन रहे हैं।
लगातार हो रहे इन हादसों के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि ओवरलोड ट्रालों पर समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो इस व्यस्त नेशनल हाईवे पर किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।



